एम्स के बाद दिल्ली में एक और डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव


नई दिल्ली,  (वेबवार्ता)। दिल्ली में कोरोना का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। इसकी चपेट में डॉक्टर भी आ रहे हैं। ताजा मामला है कि साकेत का। जहां पर सीआरपीएफ में तैनात एक डॉक्टर को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। बताया जा रहा है कि डॉक्टर सीआरपीएफ में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पद पर तैनात हैं। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिकडॉक्टर के संपर्क में रहने वाले कर्मचारियों और गेस्ट को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। मिली जानकारी के अनुसार, कोरोना पॉजिटिव डॉक्टर को भी आइसोलेशन में रखा गया है। डॉक्टर सीआरपीएफ में एडीजी मेडिकल ऑफिसर से संबद्ध हैं। इससे पहले गुरुवार को ही एम्स के फिजियोलॉजी विभाग के एक रजिडेंट डॉक्टर को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। वह हौज रानी मालवीय नगर में रहते हैं और पिछले कुछ दिनों से डीटीसी बस से घर से दफ्तर आ और जा रहे थे।इससे सरकारी अस्पतालों के तीन रेजिडेंट डॉक्टर भी चपेट में आ गए हैं। जिनमे दो डॉक्टर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती हैं। दोनों पति-पत्नी हैं। इसके अलावा एक डॉक्टर को इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जो दिलशाद गार्डन स्थित दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान में डॉक्टर हैं। इनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह प्रिवेंटिव आंकोलॉजी विभाग में कार्यरत हैं। 23 मार्च को उन्होंने ओपीडी में मरीजों को भी देखा था। जहां कैंसर के कई मरीज भर्ती हैं। उन मरीजों को उन्होंने देखा भी था। उन्हें कोरोना का संक्रमण होने के बाद अस्पताल में ओपीडी सेवा बंद कर दी गई है। इसके अलावा वार्ड से मरीजों को भी हटाने की तैयारी है। ताकि अस्पताल को सैनिटाइज किया जा सके।पत्नी व दो माह का बच्चा भी भर्ती कोरोना से पीड़ित दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान के डॉक्टर की पत्नी और उनके दो माह का बच्चा भी भर्ती है। क्योंकि पत्नी व बच्चे को भी बुखार है। उन्हें संक्रमण कैसे हुआ यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। लेकिन बताया जा रहा है कि उनके बड़े भाई और भाभी इंग्लैंड से लौट कर आए हैं, लेकिन उन्हें यहां आए हुए एक माह से अधिक समय हो गया। ऐसे में अंदेशा है कि किसी दूसरे के संपर्क में आने से उन्हें संक्रमण हुआ है। पीड़ित डॉक्टर के संपर्क में आए सभी कर्मचारियों व मरीजों को क्वारंटाइन करने का निर्देश दिया गया है। वहीं सरदार पटेल अस्पताल में कार्यरत एक रेजिडेंट डॉक्टर को भी कोरोना होने की पुष्टि हुई है। उनकी पत्नी सफदरजंग अस्पताल में कार्यरत हैं, वह भी कोरोना से पीड़ित हैं। वे हाल ही में दुबई से लौट कर आए हैं। इससे पहले मोहल्ला क्लीनिक के दो डॉक्टर भी संक्रमित हैं। इसके अलावा मौजपुर में एक निजी डॉक्टर भी पीड़ित हैं। इस तरह अब तक छह डॉक्टर कोरोना से पीड़ित हो चुके हैं।